पश्चिम बंगाल में शानदार जीत पर वाराणसी में जश्न, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने निकाली भव्य विजय रैली

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद वाराणसी में उत्सव का माहौल देखने को मिला। शहर के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर गेट पर बने पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं एमएलसी कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और जोरदार तरीके से अपनी खुशी का इजहार किया।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झलमुरी और मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। साथ ही पटाखे फोड़कर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। “हर हर मोदी, घर-घर मोदी” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इसे पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

123

इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा के जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने किया। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कंचनपुर बाजार क्षेत्र में एक भव्य विजय रैली भी निकाली, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। रैली के दौरान मार्ग के दोनों ओर लोगों ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। इस अवसर पर हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि यह जीत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति से ऊपर उठकर विकास आधारित राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।

123

वहीं सुसुवाही क्षेत्र के पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को अबीर-गुलाल लगाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव अब पूरे देश में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है और इसी का परिणाम इस जीत के रूप में सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ इस जीत का जश्न मनाया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर कार्यक्रम का समापन किया।

123

Share this story