काशी में भाजपाइयों ने किया हवन-पूजन, पीएम मोदी के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से एक दिन पहले ही काशी में उत्सव का माहौल नजर आने लगा है। प्रधानमंत्री की दीर्घायु और देश की प्रगति की कामना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोदौलिया स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में विशेष हवन-पूजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट को मंदिर परिसर में रखकर विधि-विधान से पूजन किया गया और प्रसाद का वितरण भी हुआ।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हवन में आहुति दी। पूजन के दौरान प्रधानमंत्री की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। साथ ही भगवान से प्रार्थना की गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।हवन-पूजन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के कटआउट के सामने संकल्प लेकर धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। पूजन के बाद लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

काशी में प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर हर वर्ष विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जन्मदिन से एक दिन पहले ही इन आयोजनों का असर शहर में दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में इस बार भी भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर हनुमान मंदिर में पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही कामना भगवान से की गई।

Share this story