BJP कार्यकर्ताओं ने डीजल-पेट्रोल की बचत को लेकर किया जागरूक, इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाकर दिया संदेश
वाराणसी। बीजेपी ने पेट्रोल और डीजल की बचत को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री की अपील को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न इलाकों में जागरुकता कार्यक्रम चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाकर लोगों को ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचे, जहां उन्होंने वाहन चालकों और आम लोगों से पेट्रोल और डीजल का आवश्यकता अनुसार ही उपयोग करने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने हाथ जोड़कर लोगों से ईंधन बचाने का अनुरोध किया और कई स्थानों पर प्रधानमंत्री की अपील से जुड़े स्टीकर भी लगाए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को बताया कि ईंधन की अनावश्यक खपत न केवल आर्थिक बोझ बढ़ाती है, बल्कि पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है।
बीजेपी पिछड़ा वर्ग, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की अपील की गई है। उसी क्रम में पार्टी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने के लिए सड़कों पर उतरकर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाना समय की जरूरत है, क्योंकि इससे प्रदूषण कम होगा और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता भी घटेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि भविष्य स्वच्छ ऊर्जा का है। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटी-छोटी सावधानियां अपनाए, तो देश में ईंधन की बड़ी बचत संभव है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
अभियान में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि ईंधन बचत केवल सरकारी अपील नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस मौके पर कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने अभियान की सराहना करते हुए ईंधन बचाने का संकल्प लिया।

