बंगाल जीत पर वाराणसी में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोल-नगाड़ों पर मनाया उत्सव, मंत्री रविन्द्र जायसवाल बोले गंगोत्रि से गंगासागर तक खिला कमल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सोमवार को जोरदार जश्न मनाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिठाइयों के साथ जीत का उत्सव मनाया।

123

लखनऊ से वाराणसी पहुंचते ही प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सिगरा स्थित अपने कार्यालय में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। जैसे ही चुनाव परिणाम स्पष्ट हुए, कार्यालय परिसर में “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारों से माहौल गूंज उठा। इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं के बीच पारंपरिक बंगाली व्यंजन झालमुड़ी और रसगुल्ले बांटकर खुशी का इजहार किया।

123

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने इस मौके पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि “तुष्टिकरण की राजनीति अब समाप्त हो चुकी है और जनता ने विकास व सुशासन के पक्ष में मतदान किया है।” उन्होंने भाजपा की जीत को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा, “आज गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल चुका है।” उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और संगठन की मजबूती को दिया।

123

उधर, गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सुबह से ही जुटने लगे थे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा और महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर खुशी व्यक्त की। “वंदे मातरम” और “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

123

इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी समेत अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट को सांकेतिक रूप से रसगुल्ला और लड्डू खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इसके बाद देर तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि “यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि बंगाल की जनता की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत पर जनता ने भरोसा जताया है।” उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि यह परिणाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक कदम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस जीत को “ऐतिहासिक बदलाव” बताते हुए भविष्य में विकास और सुशासन की राजनीति को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

123

Share this story