बीजेपी प्रदेश महामंत्री ने विपक्ष पर किया प्रहार, बोले-2027 में भाजपा बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार

वाराणसी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी की आगामी योजनाओं और संगठनात्मक दिशा को लेकर व्यापक संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा 2027 के चुनाव में विपक्ष के हर मंसूबे को विफल करते हुए प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। साथ ही अनुसूचित जाति/जनजाति के मुद्दों को लेकर विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
काशी क्षेत्र के 16 जिलों के 337 मंडल अध्यक्षों और वाराणसी महानगर एवं जिले के अनुसूचित जाति/जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा ने सदैव वंचित वर्गों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर देश को समानता और समरसता की दिशा में आगे ले जा रहे हैं। मोदी सरकार ने पंचतीर्थ स्थलों का विकास कर अंबेडकर जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
धर्मपाल सिंह ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा ने हमेशा अनुसूचित वर्ग का उपयोग केवल वोट बैंक के रूप में किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब का अपमान किया और संविधान में बार-बार संशोधन कर उनके अधिकारों को कमजोर किया। सपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार बढ़े, उनके घरों और जमीनों पर कब्जे हुए और झूठे मुकदमों में फंसाया गया।
337 मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए उन्होंने आदर्श और प्रभावी मंडल कार्यसमितियों के गठन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी जाति और वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन में स्थान दिया जाए। मजबूत मंडल और बूथ संरचना ही 2027 में भाजपा की बड़ी जीत का आधार बनेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की। अनुसूचित संवाद बैठक का संचालन संजय सोनकर और धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। मंडल अध्यक्ष बैठक का संचालन अशोक चौरसिया व धन्यवाद अनिल श्रीवास्तव ने दिया। मीटिंग में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, मनीष गोंड, रवि खरवार, मनोज सोनकर समेत सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।