वाराणसी में MLC चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, शिक्षक-स्नातक सम्मेलन को संबोधित करेंगे सीएम योगी, जुटेंगे 10 हजार से अधिक लोग
 

ं
WhatsApp Channel Join Now
  • गुलाबबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में चुनावी तैयारियों को लेकर अहम बैठक
  • प्रत्येक मतदाता से चार बार संपर्क करने की रणनीति, मंत्री-विधायक और एमएलसी रोजाना 25 शिक्षकों से करेंगे मुलाकात

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक खंड चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को गुलाबबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें चुनावी रणनीति, मतदाताओं से संपर्क और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे की तैयारियों पर चर्चा हुई। भाजपा की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले शिक्षक-स्नातक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में पूर्वांचल के आठ जिलों से 10 हजार से अधिक शिक्षकों, स्नातकों और प्रबुद्धजनों के शामिल होने की उम्मीद है।ं

बैठक में वाराणसी के प्रभारी एमएलसी अरुण पाठक, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव से पहले प्रत्येक शिक्षक और स्नातक मतदाता तक पहुंचने तथा सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने की रणनीति तैयार की गई।

प्रत्येक मतदाता से चार बार संपर्क करने का लक्ष्य
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि शिक्षक और स्नातक मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा। वाराणसी की तीन विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक शिक्षक और स्नातक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क करने पर जोर दिया गया।

बैठक में तय किया गया कि मतदान से पहले जिले के सभी मंत्री, विधायक और एमएलसी प्रतिदिन कम से कम 25 शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक मतदाता से चुनाव से पहले कम से कम चार बार संपर्क करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ं

अरुण पाठक ने कहा कि कार्यकर्ता मतदाताओं के बीच जाकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और शिक्षकों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी देंगे। उन्होंने चुनाव में द्वितीय वरीयता के मतों के महत्व को समझाने पर भी विशेष जोर दिया।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा शिक्षक-स्नातक सम्मेलन
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित शिक्षक-स्नातक सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्वांचल के आठ जिलों से 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है।

प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि सम्मेलन में आने वाले शिक्षकों, स्नातकों और प्रबुद्धजनों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में होने वाला यह सम्मेलन काशी और पूर्वांचल की राजनीति में महत्वपूर्ण साबित होगा। उनके अनुसार, सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध वर्ग में उत्साह है।

ं

सभी 11 सीटों पर जीत का लक्ष्य, चुनाव को बताया सेमीफाइनल
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि वाराणसी स्नातक खंड के अंतर्गत पूर्वांचल के आठ जिले आते हैं। इन जिलों में संगठनात्मक स्तर पर चुनावी गतिविधियों को तेज किया जा रहा है।
उन्होंने आगामी विधान परिषद चुनाव को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसे आने वाले चुनावों का सेमीफाइनल करार दिया। अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तर प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करना है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षकों की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और मानदेय पर भी चर्चा
बैठक में शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों की तीन दशक से अधिक पुरानी कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग पूरी की है। उन्होंने इसे शिक्षकों के हित में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण फैसला बताया।

ं

उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने की कार्ययोजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। बैठक में मौजूद शिक्षकों ने मतदान के दिन अवकाश घोषित करने की मांग भी उठाई, ताकि शिक्षक मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

इसके अलावा विधान परिषद चुनाव में वरीयता के आधार पर होने वाले मतदान को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दें।

चुनावी तैयारियों में जुटे भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता
बैठक का संचालन भाजपा महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूजा दीक्षित ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, चंद्रशेखर उपाध्याय, नवीन कपूर, महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, सह संयोजक विकास बागी, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर, नवरतन राठी, शैलेंद्र मिश्रा, सपना सिंह, संदीप रघुवंशी, प्रमोद यादव मुन्ना, योगेश वर्मा, अवधेश राय, कमलेश झा और अनिल गुप्ता सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा ने शिक्षक और स्नातक खंड चुनाव में संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित सम्मेलन को सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का जोर मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर है।

Ishwar Upadhyay
Ishwar Upadhyay

73 Articles

Ishwar Chandra Upadhyay Senior Journalist | Digital Media Strategist | Co-Founder, Live VNS From traditional journalism to the evolving world of digital media, Ishwar Chandra Upadhyay's journey of nearly two decades has been dedicated to journalism, innovation, and public interest. Having started his media career in 2005, Upadhyay has established a strong professional reputation through his association with leading media organizations, including Zee News, Amar Ujala, Hindustan, Eenadu India, and ETV Bharat. As the Co-Founder of Live VNS, one of Varanasi's leading digital news platforms, he has played a significant role in bringing local journalism into the digital mainstream and strengthening the voice of grassroots communities. Holding a postgraduate degree in Journalism and Mass Communication, Upadhyay specializes in editorial leadership, digital media, social media management, and content strategy.

Share this story