वडनगर से पहुंचे सेवा संकल्प यात्रियों का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने काशी में किया स्वागत, गुलाब की पंखुड़ियों व ढोल-नगाड़ों से हुआ अभिनंदन
प्रदेश अध्यक्ष बोले- प्रधानमंत्री मोदी की जन्मस्थली से कर्मस्थली तक की यात्रा का विशेष महत्व
1400 किमी की यात्रा पूरी कर काशी पहुंचे बाइकर्स, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के बीच हुआ स्वागत, पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का होगा जलाभिषेक
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुजरात के वडनगर से निकली सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को काशी पहुंची। करीब 1400 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर वाराणसी पहुंचे बाइकर्स का भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी यात्रियों के सेवा यात्रियों का स्वागत किया। फूलों की पंखुड़ियों, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच सेवा यात्रियों का अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा पूरी कर काशी पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतनी लंबी यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं की चिंता थी, लेकिन सभी ने सफलतापूर्वक यात्रा पूरी कर काशी की धरती पर पहुंचकर अपना संकल्प पूरा किया है। उन्होंने सभी यात्रियों का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत किया।

वडनगर से काशी तक का सफर रहा खास
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि काशी तक की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्य किए हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने गुजरात के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अब लंबे समय से देश की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवाभाव, समर्पण और कार्यशैली से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को भी जनसेवा के लिए आगे बढ़ना चाहिए।

स्वच्छता और पौधरोपण का दिया संदेश
सेवा संकल्प यात्रा के दौरान बाइकर्स ने रास्ते में सुशासन, सेवा और समर्पण के साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश दिया। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जन चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा गया। यात्रा में शामिल करीब 700 बाइकर्स ने लगभग 1400 किलोमीटर का सफर तय किया। 17 सितंबर को वडोदरा से रवाना हुई यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए काशी पहुंची।

पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक
भाजयुमो के जिला मंत्री शिशिर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री का 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा हो। उन्होंने बताया कि वडनगर से आए सेवा यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया है। यात्रा में लाए गए पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।


