पीएम के खिलाफ टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, बेनीपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंका
वाराणसी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के जंसा मंडल अंतर्गत बेनीपुर गांव में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय का पुतला दहन कर उनके बयान के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कांग्रेस की कार्यशैली और राजनीति पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद पर आसीन प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक और असम्मानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनके प्रति किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों के तहत ऐसे बयानों का लगातार विरोध करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के बीच सकारात्मक राजनीति को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की। इस अवसर पर पूर्व महामंत्री प्रेम नारायण पटेल, संजीव सिंह गौतम, देवेंद्र सिंह आजाद, मंडल अध्यक्ष डॉ. रमेश सिंह पटेल, सूरज वर्मा, दीपक विश्वकर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

