भाजपा अध्यक्ष ने वाराणसी में दिव्यांग क्रिकेट ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का किया अनावरण, दिव्यांग खिलाड़ियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने पर दिया जोर 

123
WhatsApp Channel Join Now

सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित टी-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा

वाराणसी। सेवा संकल्प माह के तहत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में अनावरण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की विशेष मौजूदगी रही। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें प्रतिभाग करेंगी।

दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं : नितिन नवीन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उन्हें अवसर और उचित मंच मिलने पर वे अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दिव्यांग खेलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी प्रयास जारी रखने की बात कही।

123

खेल के जरिए बढ़ेगा आत्मविश्वास
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उनके भीतर नई उम्मीद व आत्मविश्वास पैदा करना है। खेल के माध्यम से समाज में समावेशिता का संदेश देने के साथ दिव्यांगजनों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी।

आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दिव्यांगजन उनके साथ हैं। संयोजक वीरभद्र सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पद्मश्री विमल जैन, ट्विंस ब्रदर राहुल गुप्ता व रोहित गुप्ता, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी, शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह साजन, चंदन सिंह सिसोदिया समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story