बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने की सात मैराथन बैठकें, काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा व एमएलसी की सभी 11 सीटों पर जीत का लक्ष्य
क्षेत्र से लेकर बूथ तक हर माह संगठनात्मक बैठकें कराने के निर्देश
विधानसभा चुनाव में तीन माह और एमएलसी चुनाव में 15 दिन से कम समय
कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क तेज करने का आह्वान
वाराणसी। काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सात और आठ अक्टूबर के काशी प्रवास के दौरान पार्टी की सात महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें हुईं। इनमें जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ पूर्व पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठकों में आगामी विधानसभा और विधान परिषद चुनावों की तैयारियों की रणनीति पर मंथन हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में मौजूद अधिकांश कार्यकर्ता अनुभवी हैं और संगठन को धरातल पर मजबूत करने की कार्यप्रणाली से परिचित हैं। उन्होंने क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर पर हर माह नियमित संगठनात्मक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की समयबद्ध योजना तैयार करने और बैठकों की सूचना जनप्रतिनिधियों तथा पूर्व पदाधिकारियों तक समय से पहुंचाने के लिए संवाद तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही जिला, विधानसभा और मंडल स्तर पर घोषित पार्टी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब करीब तीन माह का समय ही शेष है, इसलिए संगठन को पूरी ताकत से जुटना होगा।
एमएलसी चुनाव में सभी 11 सीटें जीतने का लक्ष्य
आगामी स्नातक और शिक्षक विधान परिषद चुनावों को लेकर भी भाजपा ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। नितिन नवीन ने प्रदेश की सभी 11 एमएलसी सीटों पर जीत का लक्ष्य निर्धारित करते हुए पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को तत्काल चुनावी तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में 15 दिनों से भी कम समय शेष है, ऐसे में मतदाताओं से सीधा संपर्क और संवाद बढ़ाना जरूरी है।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में जीत हासिल करना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि काशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए देश-दुनिया की नजरें यहां रहती हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

बैठकों में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, शंकर गिरी, कौशलेंद्र पटेल, नवरतन राठी, अमित राय, राकेश शर्मा, विपिन सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

