बीजेपी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने वाराणसी में 16 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों संग की मीटिंग, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा का मंगलवार को प्रथम वाराणसी आगमन पर रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।
भाजपा महिला मोर्चा काशी क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने काशी क्षेत्र के 16 संगठनात्मक जिलों से आई महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय महिला समिति गठित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब बूथ स्तर पर महिलाओं का संगठन मजबूत होगा, तभी मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर प्रभावी नेतृत्व तैयार होगा।

सरोज कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को भाजपा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी को सबसे अधिक अवसर भारतीय जनता पार्टी ने दिए हैं और संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी महिला कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें संगठन में 32 वर्षों तक कार्य करने के बाद यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके अनुसार भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने का अवसर मिला है।

उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल कागजों पर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) की राजनीति करता है, जबकि महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का कार्य भाजपा ने किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत सरोज कुशवाहा ने क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में आम और अमरूद का पौधा भी लगाया। बैठक में महिला मोर्चा की काशी क्षेत्र अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि संचालन सुनीता सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर, कविता यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष रानिका जायसवाल, जिलाध्यक्ष विनिता सिंह, महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल सहित काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों की महिला मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

