एआई समिट में यूथ कांग्रेस के टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन पर बीजेपी महिला मोर्चा में आक्रोश, कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, लगाए गंभीर आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद वाराणसी में सियासी माहौल गर्म हो गया। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। इसे देश की छवि खराब करने वाला कृत्य बताया। 

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने अमर्यादित तरीके से विरोध जताया, जो भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा घटना की निंदा करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में इतने बड़े स्तर पर एआई समिट का आयोजन किया गया, जिसमें दुनिया भर से प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे महत्वपूर्ण मंच पर कांग्रेस के युवा नेताओं द्वारा कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना न केवल अनुचित है, बल्कि देश की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य है।

जिला अध्यक्ष विनीता सिंह ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां राजनीतिक हताशा को दर्शाती हैं। वहीं कोषाध्यक्ष रचना अग्रवाल ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से स्थापित किया है, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार विरोध की राजनीति कर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। 

जिला मीडिया प्रभारी मुमताज बानो ने दावा किया कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा और आगामी चुनाव में पुनः नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। कार्यक्रम में कुसुम पटेल, अर्चना अग्रवाल सहित दर्जनों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Share this story