प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा सांसद के बयान को बताया अलोकतांत्रिक, बोली मांफी मांगें वरना उनके लिए कोई जगह नहीं

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के हमीरपुर-महोबा से सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सांसद के बयान को लोकतांत्रिक मर्यादा और संवैधानिक गरिमा के खिलाफ बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए सपा सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिला पदाधिकारी निर्मला सिंह पटेल और कुसुम पटेल ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के पद की गरिमा सर्वोच्च होती है और राजनीतिक मतभेद के बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि को अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के सांसद ने राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ते हुए जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया है, उससे देश की महिलाओं और आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।

महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय राजनीति में स्वस्थ संवाद और शालीन भाषा का महत्व हमेशा से रहा है, लेकिन हाल के दिनों में विपक्षी नेताओं द्वारा लगातार आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सांसद ने अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेत्री विनीता सिंह ने कहा कि सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल किए गए अपशब्द अक्षम्य हैं। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च जनप्रतिनिधि के प्रति इस तरह की भाषा लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। वहीं मुमताज बानो ने कहा कि महिला मोर्चा इस तरह की राजनीति का विरोध करता है और सांसद को अपने कृत्य के लिए तत्काल माफी मांगनी चाहिए।

विरोध प्रदर्शन में गीता शास्त्री, साधना पाण्डेय, विभव सिंह, रीना पात्रों, सबा परवीन, सुरेखा सिंह, नरगिस, रेखा सोनी, सारिका सेठ समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Share this story