50 करोड़ की जमीन पर कब्जे के आरोपों पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने रखा अपना पक्ष, कहा- राजनीतिक साजिश के तहत बनाया जा रहा निशाना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र में लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की बताई जा रही जमीन के कथित कब्जे के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजपा के वाराणसी जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह मंगलवार को मीडिया के सामने आए। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे पारिवारिक विवाद और राजनीतिक साजिश का परिणाम बताया।

सुरेश सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी भी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं किया है। उनके अनुसार संबंधित भूमि के मूल स्वामी ने अपनी इच्छा से उक्त जमीन अपने भतीजे के नाम दान कर दी थी। उन्होंने दावा किया कि दानपत्र निष्पादित होने के उसी दिन भतीजे ने विधिवत रजिस्ट्री उनके पक्ष में कर दी थी, जो पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई।

उन्होंने कहा कि बाद में परिवार के भीतर उत्पन्न विवाद के चलते इस पूरे मामले में उन्हें जानबूझकर घसीटा गया। उनका आरोप है कि राजनीतिक रूप से सक्रिय होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस द्वारा इस प्रकरण को लेकर भाजपा पर किए जा रहे हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरेश सिंह ने कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामला न्यायालय और कानून के दायरे में है तथा उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

सुरेश सिंह ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ बिना प्रमाण के मानहानिकारक बयान दिए जाते रहे तो वह दोनों नेताओं के विरुद्ध मानहानि का मुकदमा दायर करने सहित कानूनी कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज वैध हैं और समय आने पर संबंधित तथ्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि जांच में सच्चाई सामने आएगी और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार साबित होंगे। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद राजनीतिक हलकों में बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष लगातार भाजपा पर निशाना साध रहा है, जबकि भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने स्वयं सामने आकर अपनी सफाई देते हुए पूरे प्रकरण को राजनीतिक और पारिवारिक विवाद का परिणाम बताया है।

Share this story