46वें स्थापना दिवस पर जश्न में डूबी भाजपा, पुराने कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित गोष्ठी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की सफलता के साथ-साथ पुराने संघर्षों को भी याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभवों से सीखते हुए हमें निरंतर संवाद बनाए रखना है, क्योंकि इन्हीं के प्रयासों से आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि भाजपा जो वादा करती है, वह उसे पूरा करती है। राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे वादों को पूरा करके पार्टी ने यह सिद्ध किया है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा की कार्यशैली और नीतियों के कारण ही पार्टी की सरकारें उत्तराखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में बार-बार चुनी जा रही हैं। इस बार दिल्ली में भी तीन दशक बाद भाजपा की वापसी हुई है, जो जनता के भरोसे का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उपस्थित आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि 1980 में स्थापित भाजपा आज 15 राज्यों में अपनी सरकारें चला रही है। इसके साथ ही भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन 21 राज्यों में सत्ता में है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भले ही सीटें थोड़ी कम हुई हों, लेकिन उसके बाद हुए विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन ने पार्टी की ताकत को एक बार फिर स्थापित कर दिया है।
महापौर अशोक तिवारी ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें समाज सेवा और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीढ़ उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो पूरे समर्पण के साथ पार्टी के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता देश के हर कोने में 24 घंटे जनता की सेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और उत्साह प्रेरणास्पद है, और इन्हीं की बदौलत पार्टी निरंतर मजबूत होती जा रही है।
स्थापना दिवस के मौके पर पूरे जिले में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने झंडारोहण किया और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की। इस आयोजन ने पार्टी के भीतर एकजुटता और समर्पण की भावना को और मजबूत किया।
गोष्ठी में कई पुराने और वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे। इनमें पूर्व विधायक गुजरात जगदीश पटेल, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, निवर्तमान अध्यक्ष विद्यासागर राय, पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले और मृदुला जायसवाल, पूर्व एमएलसी डॉ. वीणा पांडेय और डॉ. शिवनाथ यादव, सुभाष गुप्ता, चन्द्रशेखर उपाध्याय, राकेश वशिष्ठ सहित कई प्रमुख चेहरे शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त, जगदीश त्रिपाठी, नवीन कपूर, राहुल सिंह, मीडिया प्रभारी किशोर सेठ, आलोक श्रीवास्तव, साधना वेदांती, इंजीनियर अशोक यादव, डॉक्टर रचना अग्रवाल, रजत जायसवाल, अजय गुप्ता, महेंद्र सिंह गौतम और कुसुम पटेल समेत सैकड़ों पुराने और नए कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर पार्टी के इस ऐतिहासिक दिन को खास बना दिया।