जन्मदिन को बनाया सेवा का उत्सव, 250 विद्यार्थियों में बांटी अध्ययन सामग्री, IMS-BHU निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बच्चों के साथ काटा केक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (IMS-BHU) के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने अपने जन्मदिन को विद्यार्थियों के बीच सेवा और सहयोग के साथ मनाया। इस अवसर पर सामाजिक संस्था अर्हत फाउंडेशन की ओर से ‘सेलिब्रेट योर स्पेशल डे विद अर्हत फाउंडेशन’ अभियान के तहत श्री गुरु रविदास विद्यालय, सीरगोवर्धनपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के करीब 250 छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को शैक्षिक पुस्तिकाएं, पेन, टेबल-बेंच और मिठाइयां दी गईं। अध्ययन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

123

बच्चों के साथ काटा जन्मदिन का केक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में IMS-BHU के निदेशक प्रो. एसएन संखवार मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ जन्मदिन का केक काटकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों के बीच उत्साह का माहौल रहा। आयोजन में बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के द्रव्यगुण विभागाध्यक्ष प्रो. बी. राम और मनोरोग विभागाध्यक्ष प्रो. अच्युत पांडेय ने भी सहभागिता की। इसके अलावा चिकित्सा विज्ञान संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षाविद और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश
कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं।

123

जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां बांटना उद्देश्य
अर्हत फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र प्रकाश भारतीय ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों को शिक्षा और सेवा के माध्यम से मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘सेलिब्रेट योर स्पेशल डे विद अर्हत फाउंडेशन’ अभियान का उद्देश्य विशेष अवसरों को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां साझा करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक प्रयास है।


फाउंडेशन के सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में फाउंडेशन के प्रबंधक अजय भारती, कोषाध्यक्ष धर्मराज, मीडिया प्रभारी जितेन्द्र कुमार, प्रमुख सदस्य दीपक, अरुवेंद्र और कपिल सहित फाउंडेशन के 10 फेलोज मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षकगण और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में अर्हत फाउंडेशन की ओर से अतिथियों, विद्यालय परिवार और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share this story