दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती देख अभिभूत हुए बिहार के राज्यपाल सय्यद अता हसनैन, विधिपूर्वक पूजन कर लिया मां गंगा का लिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित होने वाली मां गंगा की दैनिक आरती में शनिवार को बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन अपनी पत्नी सबिहा हसनैन के साथ शामिल हुए। उन्होंने विधिविधान के अनुसार मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और भव्य गंगा आरती का दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण में मंत्रमुग्ध नजर आए।

123

आरती प्रारंभ होने से पहले प्रसिद्ध शंख वादक रामजनम योगी ने लगातार 7 मिनट 58 सेकेंड तक शंखनाद किया। उनके इस अद्भुत प्रदर्शन को देखकर राज्यपाल आश्चर्यचकित रह गए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रामजनम योगी को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके असाधारण शंखनाद की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

गंगा आरती के उपरांत राज्यपाल ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि "विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का आज का अनुभव अत्यंत अद्भुत रहा। पहले इसके बारे में केवल सुना था, लेकिन आज प्रत्यक्ष दर्शन कर मन आध्यात्मिक आनंद से भर गया। भगवती मां गंगा के आशीर्वाद की अनुभूति हुई।"

इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह तथा सचिव हनुमान यादव ने राज्यपाल एवं उनकी पत्नी का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि राज्यपाल निर्धारित समय से पहले ही दशाश्वमेध घाट पहुंच गए थे और एक घंटे से अधिक समय तक घाट पर मौजूद रहकर गंगा तट की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक छटा का अवलोकन किया। उनके दौरे को देखते हुए घाट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।

Share this story