बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मणि मंदिर में किया पूजन-अर्चन, धर्मसम्राट करपात्री जी को किया नमन 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को धर्म और आध्यात्म की नगरी वाराणसी पहुंचकर दुर्गाकुंड स्थित मणि मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मंत्री बनने के बाद उनका यह महत्वपूर्ण आध्यात्मिक दौरा माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और धर्मसंघ से जुड़े लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

रात्रि में मंदिर परिसर पहुंचे मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सबसे पहले धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को नमन किया। इसके बाद उन्होंने धर्मसंघ पीठाधीश्वर शंकर चैतन्य ब्रह्मचारी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्वामी जी ने मंत्री को रुद्राक्ष की माला एवं दुशाला भेंट कर सम्मानित किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

123

मंत्री ने मंदिर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं के विग्रहों का दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक परंपराएं समाज को जोड़ने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करती हैं। उन्होंने धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज के सनातन धर्म संरक्षण एवं सामाजिक जागरण में दिए गए योगदान को प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर धर्मसंघ महामंत्री पं. जगजीतन पांडेय से भी उन्होंने मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में वेदपाठी बटुकों द्वारा सस्वर वेद पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंत्री श्रद्धा भाव से पूजा में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मसंघ के पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर राजमंगल पांडेय सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Share this story