'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना के साथ वाराणसी में मनाया गया बिहार दिवस, भाजपा सांसद दीपक प्रकाश बोले - काशी मेरे लिए यशोदा है और बिहार देवकी

कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार भाजपा सह प्रभारी एवं सांसद दीपक प्रकाश, बिहार सरकार के मंत्री हरि साहनी, रामगढ़ विधायक अशोक सिंह, भाजपा बिहार के राज्य सचिव त्रिविक्रम सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित कर किया।
Also Read - विश्व वन दिवस में छात्रों को प्रेरित किया
मुख्य अतिथि सांसद दीपक प्रकाश ने बिहार दिवस पर आयोजित ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की असली शक्ति उसकी सांस्कृतिक एकता में है। उन्होंने बिहार के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मगध के शासकों ने भारत के स्वर्ण युग को संजोया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बिहार को 22 मार्च 1912 को बंगाल प्रांत से अलग कर एक स्वतंत्र राज्य के रूप में स्थापित किया गया था और आज इसकी स्थापना के 113 वर्ष पूरे हो गए हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "यदि बिहार मेरे लिए देवकी है, तो काशी मेरे लिए यशोदा है।"
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बिहार के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिहार ने शिक्षा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं, प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि बिहार ने देश को कई महान विभूतियां दी हैं और आज वहां कानून का राज स्थापित हो चुका है।
बिहार सरकार के मंत्री हरि साहनी ने अपने संबोधन में कहा कि लालू यादव के शासनकाल में बिहार को जंगलराज के नाम से जाना जाता था, लेकिन एनडीए सरकार ने इसे फिर से विकास की राह पर अग्रसर किया है। बिहार की जनता एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है।
महापौर अशोक तिवारी ने बिहार के लोगों की मेहनत और काबिलियत की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के लोग पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने इस पहल को बिहार की समृद्ध संस्कृति और विरासत को संजोने का एक सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने की, जिन्होंने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह और अशोक पांडेय ने किया, जबकि संयोजक की भूमिका अशोक पटेल और प्रवीण सिंह गौतम ने निभाई। धन्यवाद ज्ञापन नवनिर्वाचित महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया।
इस कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा, भाजपा नेता मीना चौबे, संतोष सोलापुरकर, किशोर सेठ, रणंजय सिंह, संजय सोनकर, नवीन कपूर, मधुप सिंह, हरेंद्र पांडेय, अमित सिंह चिंटू, अदिति पटेल और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।