सावन में बाबा विश्वनाथ के भक्तों के लिए बड़ी राहत : 29 अगस्त तक ऑनलाइन बुकिंग शुरू, चार सोमवार को नहीं मिलेगा टिकट
वाराणसी। सावन मास में श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन, मंगला आरती, रुद्राभिषेक सहित विभिन्न आरतियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। श्रद्धालु अब 29 अगस्त तक की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। हालांकि सावन के चारों सोमवार 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त—को अत्यधिक भीड़ को देखते हुए ऑनलाइन टिकट की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु बुकिंग से पहले पोर्टल पर संबंधित तिथि की उपलब्धता अवश्य जांच लें। उपलब्ध सीटों के आधार पर ही टिकट जारी किए जाएंगे।
आधार कार्ड के अनुसार ही भरनी होगी जानकारी
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन बुकिंग करते समय आधार कार्ड के अनुसार ही नाम और अन्य विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। दर्शन या आरती के लिए मंदिर पहुंचने पर प्रवेश द्वार पर आधार कार्ड का सत्यापन किया जाएगा। यदि बुकिंग में दर्ज नाम और आधार कार्ड में किसी प्रकार का अंतर पाया गया तो संबंधित श्रद्धालु को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए सभी श्रद्धालुओं से सही जानकारी भरने की अपील की गई है।
मंगला आरती के लिए वेटिंग लिस्ट की सुविधा नहीं
मंदिर प्रशासन ने बताया कि मंगला आरती की ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसी प्रकार की वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था नहीं है। यदि किसी कारणवश टिकट कन्फर्म नहीं हो पाता है तो भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा अथवा यदि राशि कट जाती है तो वह स्वतः वापस कर दी जाएगी। श्रद्धालुओं को अलग से किसी प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होगी।
गेट नंबर 4बी से होगा प्रवेश
ऑनलाइन तत्काल मंगला आरती की बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं का प्रवेश मंदिर परिसर में गेट नंबर 4बी से कराया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय से पहले पहुंचने तथा सभी सुरक्षा और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सावन में उमड़ेगी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़
सावन मास में काशी विश्वनाथ धाम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से सोमवार, शिवरात्रि और अन्य पर्वों पर अत्यधिक भीड़ रहती है। इसी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने ऑनलाइन बुकिंग, पहचान सत्यापन और प्रवेश व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित किया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।
विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क
सावन के दौरान मंदिर प्रशासन ने विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क भी जारी किया है -
- सुगम दर्शन – ₹300 प्रति श्रद्धालु
- मंगला आरती – ₹500 प्रति श्रद्धालु
- रुद्राभिषेक – ₹450
- दोपहर की भोग आरती – ₹300
- सप्तर्षि आरती – ₹300
- श्रृंगार भोग आरती – ₹300

