वाराणसी में 7 जगह पार्किंग की बड़ी योजना, सिगरा में बनेगी 7 मंजिला मल्टीलेवल सुविधा
वाराणसी। काशी में लगातार बढ़ते वाहनों और पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के सात प्रमुख इलाकों-अस्सी, लहुराबीर, मैदागिन, सिगरा, बनियाबाग, कलेक्ट्रेट के पास और क्विंस कॉलेज क्षेत्र में नई पार्किंग बनाने की योजना तैयार की गई है। प्रशासन का मानना है कि इन स्थानों पर पार्किंग बनने से जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी।
सिगरा में बनेगी 74.52 करोड़ की मल्टीलेवल पार्किंग
सिगरा और सेंट्रल प्रोजेक्ट के तहत 74.52 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। इसके लिए चयनित भूमि पर निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। योजना के अनुसार सिगरा स्टेडियम के पास 40.52 करोड़ रुपये की लागत से जी+7 मंजिला भवन बनाया जाएगा, जिसमें लगभग 2600 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा होगी। यहां चार पहिया और दो पहिया दोनों वाहनों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जाएगी।

लहुराबीर और मैदागिन में भी बनेगी पार्किंग
लहुराबीर क्षेत्र में करीब 150 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग प्रस्तावित है। वहीं मैदागिन क्षेत्र में लगभग 100 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। दोनों स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे। इसके अलावा साइकिल पार्किंग की भी व्यवस्था की योजना है, ताकि छोटे वाहनों को सड़क किनारे खड़ा न करना पड़े।
कलेक्ट्रेट और क्विंस कॉलेज क्षेत्र में चिन्हित हुई जगह
कलेक्ट्रेट के पास लगभग 100 वाहनों की क्षमता का पार्किंग स्थल प्रस्तावित है। क्विंस कॉलेज क्षेत्र में भी पार्किंग के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। नगर निगम के अनुसार प्रत्येक पार्किंग के निर्माण पर करीब 2 से 5 करोड़ रुपये तक खर्च आने का अनुमान है।
बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए योजना
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर में तेजी से बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग निर्माण की योजना बनाई गई है। वर्तमान में पार्किंग स्थलों का डिजाइन अंतिम रूप में तैयार किया जा रहा है। डिजाइन पास होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और उसके बाद निर्माण कार्य आरंभ होगा।
जाम से मिलेगी बड़ी राहत
प्रशासन का दावा है कि इन पार्किंग स्थलों के निर्माण के बाद सड़कों पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों की समस्या कम होगी और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। विशेष रूप से सिगरा, लहुराबीर और मैदागिन जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में इसका सीधा लाभ मिलेगा।

