वाराणसी में जलजमाव के पीछे बड़ी साजिश? मेन सीवर लाइन चोक करने की कोशिश, शहर के कई इलाकों में सीवर के अंदर मिले सीमेंट से भरे एक जैसे बोरे

WhatsApp Channel Join Now

  • शहर के अलग-अलग इलाकों में सीवर से निकली एक ही तरह की बोरियां, महापौर और नगर आयुक्त ने जताई साजिश की आशंका
  • सीमेंट से भरे बोरे डालकर मेन लाइन जाम करने का आरोप, भाजपा पार्षद ने थाने में दी तहरीर; जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग

वाराणसी। शहर में जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सीवर और नालों की सफाई के दौरान मेन सीवर लाइन के अंदर सीमेंट से भरे बोरे मिलने से हड़कंप मच गया। दावा है कि शहर के अलग-अलग स्थानों से एक ही तरह के सीमेंट से भरे बोरे बरामद हुए हैं। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सुनियोजित तरीके से शहर की सीवर व्यवस्था को ठप करने की कोशिश की।

ं

मामला तब और गंभीर हो गया जब सफाई के दौरान एक के बाद एक सीमेंट से भरी बोरियां सामने आने लगीं। आरोप है कि इन बोरियों को ऐसी जगह डाला गया, जहां इनके फंसने से मेन सीवर लाइन चोक हो सकती थी और बड़े इलाके की जल निकासी प्रभावित हो सकती थी।

ं

महापौर अशोक तिवारी ने खुद मौके पर पहुंचकर सीवर सफाई का निरीक्षण किया। महापौर और नगर आयुक्त ने पूरे घटनाक्रम के पीछे साजिश की आशंका जताई है। सवाल उठ रहा है कि शहर के अलग-अलग इलाकों की सीवर लाइनों में आखिर एक जैसी सीमेंट की बोरियां कैसे पहुंचीं और इन्हें किसने डाला?

ं

मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर के निर्देश पर स्थानीय भाजपा पार्षद ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह पता लगाने की मांग की गई है कि सीवर में बोरियां किसने और किस उद्देश्य से डालीं। साथ ही जांच में साजिश की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। लेकिन मेन सीवर लाइन में सीमेंट से भरे एक जैसे बोरे मिलने की घटना ने नगर निगम प्रशासन को अलर्ट कर दिया है।


 


 

Share this story