कैंट स्टेशन के सामने विजय नगरम मार्केट में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बहुमंजिला गेस्ट हाउस और दुकान सील
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजय नगरम मार्केट में गुरुवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुन्नू लाल अग्रहरि के बहुमंजिला गेस्ट हाउस समेत एक दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। अचानक हुई कार्रवाई से मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, विजय नगरम मार्केट की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लेकर पूर्व में संबंधित दुकानदारों को दुकानें खाली करने और ध्वस्तीकरण संबंधी नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद संबंधित पक्षों ने नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। बताया गया कि मामला हाईकोर्ट में खारिज होने के बाद नगर निगम ने गुरुवार को सीलिंग की कार्रवाई की।

कार्रवाई अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में की गई। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गेस्ट हाउस तथा संबंधित दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने संभाली। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी की। इस दौरान गेस्ट हाउस मालिक ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों पर मनमानी और तानाशाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि नगर निगम की ओर से जबरन दुकान और व्यवसाय खाली कराया जा रहा है।

वहीं, कार्रवाई के दौरान कुछ अधिवक्ताओं ने होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों की ओर से अपर नगर आयुक्त से कुछ समय की मोहलत देने का अनुरोध किया। हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी और संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद विजय नगरम मार्केट में नगर निगम की कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा होती रही। मौके पर मौजूद पुलिस और नगर निगम अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा।








