कारगिल विजय दिवस पर बीएचयू छात्रों ने किया रक्तदान, कैंसर मरीजों की होगी मदद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन छात्रावास में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। विवेकानंद डिवाइन लाइफ मिशन (वीडीएलएम) द्वारा वाराणसी हेल्प ग्रुप के सहयोग से आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 61 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे महामना कैंसर सेंटर, वाराणसी को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि जरूरतमंद कैंसर मरीजों के उपचार में सहायता मिल सके।

123

रक्तदान शिविर में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन छात्रावास, बाल गंगाधर तिलक छात्रावास और विश्वविद्यालय के अन्य संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास की छात्राओं ने भी स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। प्रतिभागियों के उत्साह और सहयोग से 61 यूनिट रक्त का सफलतापूर्वक संग्रह किया गया। आयोजन के दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी वीरता एवं बलिदान को स्मरण करते हुए भारत की ऐतिहासिक विजय को सम्मानपूर्वक याद किया गया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस पर रक्तदान करना देश के वीर सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के साथ-साथ मानवता की सेवा का भी श्रेष्ठ माध्यम है।

123

रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के लिए फल, हल्का नाश्ता, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को वाराणसी हेल्प ग्रुप एवं छात्रावास प्रशासन की ओर से प्रमाण-पत्र, स्टील की बोतल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने युवाओं को देशप्रेम, महामना मदन मोहन मालवीय के आदर्शों और समाज कल्याण की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार मिश्रा रहे, जबकि कृषि विज्ञान संकाय के डीन प्रो. सतीश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर छात्रावास के प्रशासनिक वार्डन डॉ. विनोद कुमार त्रिपाठी, वार्डन डॉ. सुधीर कुमार राजपूत, डॉ. निखिल कुमार सिंह, डॉ. अफजल अहमद, डॉ. सैकत माजी, आभा गेस्ट हाउस के वार्डन डॉ. तरुण वर्मा, कृषि विज्ञान संस्थान के छात्र सलाहकार प्रो. मनोज कुमार सिंह तथा वाराणसी हेल्प ग्रुप के हिमांशु गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this story