बीएचयू में छात्र से मारपीट का आरोप: जाति पूछकर पीटा, छात्र नेता गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू में एक छात्र से जाति पूछकर मारपीट करने का मामला सामने आया है, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़ित छात्र की शिकायत पर पुलिस ने सपा की छात्र इकाई से जुड़े पदाधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोप है कि सपा छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव ने छात्र से पहले उसकी जाति पूछी और फिर विवाद के दौरान उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपी हिमांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है, वहीं घटना को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों छात्र एक दूसरे को पहले से नहीं जानते थे। दोनों आपस में किसी बात को लेकर पूछताछ कर रहे थे। उसी दौरान विवाद हो गया और मारपीट की घटना हुई। घटना की जांच की जा रही है। 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा और छात्र राजनीति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this story