BHU में 21 दिन में पूरी होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं, जारी होगा शेड्यूल, जानिये किस डेट तक भरे जाएंगे फॉर्म

वाराणसी। बीएचयू में इवेन सेमेस्टर की परीक्षाएं अप्रैल के अंत या मई के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। परीक्षाओं का दौर 20 से 25 मई तक समाप्त हो जाएगा और 15 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही, जून में सत्र पूरा कर लिया जाएगा, जिससे 2025-26 सत्र की प्रक्रिया में देरी की आशंका बेहद कम हो गई है।
नई शिक्षा नीति के तहत तेजी से होंगी परीक्षाएं
नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत इस बार सेमेस्टर परीक्षाएं सिर्फ 15 से 21 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएंगी। परीक्षाओं की अवधि को कम करने के साथ ही एग्जाम हॉल में बैठने की टाइमिंग भी घटाई जा रही है। इस बार दो पेपर के बीच लंबी छुट्टियां नहीं दी जाएंगी ताकि परीक्षाएं जल्द पूरी हो सकें। परीक्षा शेड्यूल होली के बाद जारी किया जाएगा। अनुमान है कि होली के बाद 40 दिन तक नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिसके बाद परीक्षाएं शुरू होंगी। वर्तमान में 17 मार्च तक सेमेस्टर एग्जामिनेशन फॉर्म भरे जा रहे हैं।
तीन शिफ्ट में होगी परीक्षा, बाहर से आएंगे 20% परीक्षक
बीएचयू की एग्जीक्यूटिव काउंसिल में परीक्षा सुधारों पर गहन चर्चा हुई थी, जिसमें परीक्षा प्रणाली को अधिक कुशल बनाने के लिए अहम बदलाव किए गए हैं।
1. पहली बार, दो के बजाय तीन शिफ्ट में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
2. परीक्षा की समय सीमा 2 घंटे 30 मिनट होगी।
3. 20% परीक्षा पत्रों के परीक्षक (एग्जामिनर्स) बाहरी विश्वविद्यालयों से बुलाए जाएंगे, जिसका अधिकार परीक्षा नियंत्रक को दिया गया है।
तेजी से होगा मूल्यांकन और परिणाम जारी
1. उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए परीक्षकों को अधिकतम 14-15 दिन का समय दिया जाएगा।
2. रि-इवैल्युएशन (पुनर्मूल्यांकन) के लिए दो फैकल्टी का पैनल डीन या विभागाध्यक्ष द्वारा नामित किया जाएगा।
3. सभी मार्क्स (सेशनल, थ्योरी, असाइनमेंट और प्रैक्टिकल) केवल ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे, ऑफलाइन प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।