बीएचयू पहुंचे सांसद मनोज तिवारी, विपक्ष पर बोला हमला, बोले-‘ममता दीदी का सिस्टम हिल गया है’, एआई से फर्जी फोटो वायरल करने का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संगीत एवं मंच कला संकाय में आयोजित राष्ट्रीय कला मंच कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का माहौल बन चुका है और वहां की जनता अब बदलाव चाहती है।

123

‘ममता दीदी का सिस्टम हिल गया है’
मीडिया से बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखकर लगता है कि उनका सिस्टम हिल गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार करे। 

मनोज तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाएगी और वहां कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि राज्य में अब बदलाव की लहर चल रही है और भाजपा की सरकार बनने की संभावना मजबूत होती जा रही है।

123

बंगाल में भाजपा आगे 
पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल पर चर्चा करते हुए सांसद तिवारी ने दावा किया कि सर्वेक्षण भले ही मुकाबले को “नेक टू नेक” बता रहे हों, लेकिन उनके अनुसार भाजपा बढ़त बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि अब तक वे राज्य में 25 से अधिक जनसभाएं कर चुके हैं और आगे भी लगातार प्रचार अभियान जारी रहेगा। उनके मुताबिक, राज्य की जनता विकास और निष्पक्ष शासन की मांग कर रही है और इसी मुद्दे पर भाजपा चुनाव मैदान में है।

123

एआई और फर्जी वीडियो पर जताई चिंता
कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित फोटो और वीडियो को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई तकनीक का दुरुपयोग कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल उनके मछली-भात खाने से जुड़ा एक फर्जी फोटो वायरल कर रहे हैं, जबकि वे व्यक्तिगत रूप से मांसाहार का सेवन नहीं करते। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सामग्री पर बिना जांच के विश्वास न करें।

123

‘विपक्ष पूरी तरह डरा हुआ है’
सांसद मनोज तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी दलों द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों को भी गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि विपक्ष चुनावी माहौल में दबाव महसूस कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में जल्द ही राजनीतिक परिवर्तन होगा और भाजपा की सरकार बनने पर कानून व्यवस्था तथा विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

Share this story