बीएचयू पहुंचे मंत्री रवींद्र जायसवाल, डॉ. टीके लहरी का जाना हालचाल, बेहतर इलाज के लिए बीएचयू प्रशासन को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) पहुंचकर पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टीके लहरी का कुशलक्षेम जाना। अस्वस्थ होने के कारण डॉ. लहरी इन दिनों बीएचयू में उपचाराधीन हैं। मंत्री ने बीएचयू की नई बिल्डिंग के पांचवें तल स्थित वार्ड में पहुंचकर उनसे मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मंत्री ने डॉ. लहरी के उपचार में जुटे चिकित्सकों से भी उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उपचार की प्रगति और उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बीएचयू प्रशासन और चिकित्सकों को निर्देश दिया कि डॉ. लहरी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने पाए।

रवींद्र जायसवाल ने चिकित्सकों से डॉ. लहरी के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. टीके लहरी के इलाज और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कथित अप्रिय घटना की भी ली जानकारी
बीएचयू में भर्ती डॉ. लहरी के साथ हुई कथित अप्रिय घटना की जानकारी को मंत्री ने गंभीरता से लिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वयं अस्पताल पहुंचकर डॉ. लहरी से मुलाकात की और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने डॉ. लहरी को आश्वस्त किया कि उनके उपचार और स्वास्थ्य से संबंधित हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।

मंत्री ने कहा कि डॉ. लहरी जैसे वरिष्ठ चिकित्सक का अनुभव और समाज के प्रति योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। डॉ. टीके लहरी चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं। उनके बीएचयू में उपचाराधीन होने की जानकारी के बाद चिकित्सा जगत और शुभचिंतकों में भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। मंत्री ने मुलाकात के बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने और जल्द सामान्य जीवन में लौटने की कामना की। इस दौरान बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर, डीसीपी, लंका थाना प्रभारी, पार्षद रोहित मिश्रा और क्षेत्रीय पार्षद समेत अन्य अधिकारी व लोग उपस्थित रहे।

Share this story