बीएचयू में शुरू हुई ‘ब्रज किशोर तिवारी स्कॉलरशिप’, मेधावी भौतिकी छात्रों को मिलेंगे 25-25 हजार रुपये
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भौतिकी विभाग में मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘ब्रजकिशोर तिवारी स्कॉलरशिप’ की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत भौतिकी विभाग में अध्ययनरत छात्रों को प्रतिवर्ष 25-25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस छात्रवृत्ति की स्थापना के लिए बीएचयू-अमेरिका फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कोष भौतिकी विभाग के पूर्व छात्र एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद प्रोफेसर ब्रज किशोर तिवारी (1944-1979) की स्मृति में स्थापित किया गया है।
ब्रजकिशोर तिवारी पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक साधारण कृषक परिवार से थे। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में अपनी अलग पहचान बनाई और वैज्ञानिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सम्मान में शुरू की गई यह छात्रवृत्ति प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और शोध के लिए प्रेरित करेगी।
बीएचयू के अनुसार, छात्रवृत्ति का लाभ उन छात्रों को मिलेगा जो शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट होने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी जरूरतमंद हैं। चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक उपलब्धियों के अलावा आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखा जाएगा। विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य वंचित वर्गों के छात्रों को प्राथमिकता दिए जाने की व्यवस्था की गई है।
छात्रवृत्ति सत्र 2026-27 से लागू होगी और इसका लाभ भौतिकी विज्ञान विभाग के योग्य विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके लिए ओपन मेरिट, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और सामाजिक रूप से वंचित समूहों के विद्यार्थियों को पात्र माना जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और शोध कार्य जारी रखने में मदद मिलेगी। साथ ही यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

