बीएचयू में कर्मचारियों का आंदोलन तेज, 14वें दिन महिला कर्मी की तबीयत बिगड़ी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू परिसर में दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मचारियों का धरना 14वें दिन भी जारी है। मधुबन पार्क में चल रहे इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों, खासकर नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा को लेकर अड़े हुए हैं। कई दौर की वार्ता के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान न निकलने से कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है।

बुधवार को धरना स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रदर्शन में शामिल एक महिला कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और स्थिति गंभीर देखते हुए एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, बीमार महिला का नाम अल्पना बताया जा रहा है और फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी धरने के दौरान एक अन्य महिला कर्मचारी बिंदु यादव की तबीयत बिगड़ चुकी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। लगातार भीषण गर्मी और लंबे समय से चल रहे धरने के कारण कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

धरना दे रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं, लेकिन आज तक उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया जा रहा है और समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन और कर्मचारियों के बीच जल्द ही एक और बैठक होने की संभावना है। अब देखना होगा कि यह गतिरोध कब समाप्त होता है और कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

Share this story