बीएचयू बिरला हॉस्टल फायरिंग कांड का खुलासा, 25-25 हजार के तीन इनामी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू बिरला हॉस्टल फायरिंग कांड का आखिरकार लंका पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में शामिल तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पीयूष तिवारी, ऋषभ राय और तपस राय शामिल हैं। ये तीनों बिहार के कैमूर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। तीनों पर पुलिस ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। 

123

21 फरवरी को बीएचयू परिसर स्थित बिरला हॉस्टल के पास फायरिंग की घटना हुई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि यह वारदात आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी। घटना के बाद लंका थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे घटना में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Share this story