बीएचयू में 13 क्लीनिकल एसोसिएट्स की भर्ती प्रक्रिया शुरू, 70 हजार मासिक वेतन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू में चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 13 क्लीनिकल एसोसिएट्स के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये नियुक्तियां पूरी तरह संविदा के आधार पर की जाएंगी और चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 70 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय के रिक्रूटमेंट एंड एसेसमेंट सेल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता एमबीबीएस निर्धारित की गई है। साथ ही जिन अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का क्लीनिकल अनुभव है, उन्हें चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी।

चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति विश्वविद्यालय के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में की जाएगी। इनमें यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स हेल्थ सेंटर, कर्मचारी हेल्थ सेंटर, सर सुंदर लाल अस्पताल तथा बरकछा स्थित दक्षिणी परिसर शामिल हैं। यहां नियुक्त चिकित्सक मरीजों के उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और अन्य चिकित्सा संबंधी कार्यों में अपनी भूमिका निभाएंगे।

इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 29 मई निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों को अपना विधिवत भरा हुआ आवेदन पत्र, स्व-सत्यापित प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज रजिस्ट्रार कार्यालय स्थित भर्ती एवं मूल्यांकन प्रकोष्ठ (होल्कर हाउस) में 3 जून से पहले जमा करना अनिवार्य होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले वे अपनी पात्रता, पदों का विवरण और अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भली-भांति जांच लें, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

Share this story