काशी को संवारने में बीएचयू और नगर निगम मिलकर करेंगे काम, साइन हुआ एमओयू 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बीएचयू और नगर निगम अब मिलकर काम करेंगे। इसी उद्देश्य से दोनों संस्थानों के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की मौजूदगी में कुलसचिव डॉ. अरुण कुमार सिंह और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान शहरी योजना, अवसंरचना विकास, सतत पर्यावरण, नागरिक सेवाओं और सौंदर्यीकरण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। बीएचयू और नगर निगम के बीच हुआ यह समझौता विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास की विभिन्न नागरिक सुविधाओं और सुधार परियोजनाओं को नई दिशा देगा।

समझौते के तहत बनारस की विकास योजनाओं, हरित विकास, कचरा प्रबंधन और स्मार्ट सिटी से जुड़े कार्यों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर और प्रमुख मार्गों के आसपास सौंदर्यीकरण व आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी जोर रहेगा।

बीएचयू के सहयोग से नगर निगम स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी और शोध आधारित सुझाव प्राप्त करेगा। वहीं विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और व्यावहारिक अनुभव का अवसर मिलेगा। समझौते के अनुसार हर वर्ष लगभग 50 विद्यार्थियों को शहरी नियोजन, अभियंत्रण, पर्यावरण, वित्त और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस दौरान कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि नगर निगम और बीएचयू के संयुक्त प्रयास से वाराणसी में सतत विकास को नई गति मिलेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि यह पहल शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Share this story