बीएचयू के कृषि वैज्ञानिक मियावाकी वन की करेंगे देखभाल, डोमरी में रोपे गए हैं 2.51 लाख पौधे
वाराणसी। डोमरी में रोपे गए मियावाकी वन की देखभाल बीएचयू के कृषि वैज्ञानिक करेंगे। पौधारोपण के दौरान बीएचयू कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी मौजूद थे। नगर निगम की ओर से एक घंटे में डोमरी में 2 लाख 51 हजार 446 पौधे रोपकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है। इनकी देखभाल में बीएचयू की मदद ली जाएगी।
डोमरी में शीशम, अर्जुन, सागौन और बांस जैसी 27 प्रजातियों के साथ-साथ आम, अमरूद और पपीता जैसे फलदार वृक्ष, अश्वगंधा, शतावरी व गिलोय जैसी औषधियों को प्राथमिकता दी गई है। यह परियोजना न केवल पर्यावरण को सुधरेगी, बल्कि आने वाले समय में नगर निगम के आय का एक स्रोत भी बनेगा।
पौधों की सिंचाई के लिए वन क्षेत्र में 10827 मीटर लंबी अत्याधुनिक पाइपलाइन बिछाई गई है। 10 बोरवेल और 360 रेन गन सिस्टम के जरिये मियावाकी तकनीकी के कारण ये पौधे सामान्य की तुलना में 10 गुना तेजी से बढ़ेंगे। यह क्षेत्र एक ऑक्सीजन बैंक बन जाएगा।

