भिटकुरी कान्हा गौशाला 15 दिन में होगी नगर निगम को हैंडओवर, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
वाराणसी। भिटकुरी स्थित निर्माणाधीन कान्हा गौशाला को अगले 15 दिनों में नगर निगम को हैंडओवर करने की तैयारी है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गौशाला का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता, जल निकासी और पशुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को सभी कमियां निर्धारित समयसीमा में दूर करने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने गौशाला की बाउंड्रीवाल में कई स्थानों पर खाली जगह मिलने पर उसे तत्काल बंद कराने को कहा। मुख्य गेट और वरुणा नदी की ओर की बाउंड्रीवाल से पुरानी फेंसिंग हटाकर वाई-शेप एंगल के साथ राउंडेड सिक्योरिटी फेंस वायर लगाने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्र की ओर तथा पीछे की बाउंड्रीवाल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो की जगह चार कंटीले तार लगाने को कहा गया।
मुख्य गेट की सुरक्षा को लेकर भी नगर आयुक्त ने कई निर्देश दिए। उन्होंने गेट के ऊपर गौशाला का नाम अंकित कराने, उसे मजबूत शीट से बंद करने तथा गेट की ऊंचाई बढ़ाने को कहा, ताकि आवारा कुत्तों और अन्य जंगली जानवरों का परिसर में प्रवेश रोका जा सके। गेट के ऊपरी हिस्से में नुकीली सरियों की वेल्डिंग कराने का भी निर्देश दिया गया।

पशुओं की सुविधा के लिए गौशाला में बनी चरहियों का भी निरीक्षण किया गया। अत्यधिक गहरी पाई गई चरहियों को चार हिस्सों में विभाजित कर उनकी गहराई कम करने तथा दीवारों को अर्धगोलाकार बनाने को कहा गया, ताकि पशुओं को चारा खाने में परेशानी न हो। चरही के आउटलेट में स्लाइडिंग कैप लगाने और नालियों की गहराई कम कर उचित स्लोप बनाने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त ने गौशाला की प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए शेडों में लगी सीएफएल की जगह ट्यूबलाइट लगाने को कहा। स्टोर रूम की खिड़कियों में एग्जॉस्ट की वैकल्पिक व्यवस्था, कार्यालय, अस्पताल और अन्य कमरों की खिड़कियों पर मच्छररोधी जाली लगाने के निर्देश दिए गए। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए इनलेट चैंबर से आउटलेट चैंबर तक 12 या 18 इंच का पाइप लगाने को कहा गया, ताकि परिसर का पानी आसानी से बाहर निकल सके।
नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट चेतावनी दी कि सभी शेष कार्य हर हाल में 15 दिनों के भीतर पूरे कर गौशाला को नगर निगम को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और पशुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

