भेलूपुर में दूषित पेयजल और सीवर समस्या पर फूटा लोगों का गुस्सा, नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर क्षेत्र के भदैनी मार्ग गली में पेयजल और सीवर व्यवस्था की बदहाली से परेशान स्थानीय नागरिकों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर दिखाई दिया। क्षेत्र की महिलाओं और पुरुषों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर दूषित पेयजल की आपूर्ति बंद कराने, सीवर समस्या का स्थायी समाधान करने और सड़क पर खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग केवल आश्वासन दे रहा है, जबकि समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

123

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है। गंदे पानी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और कई परिवारों को पीने के लिए बाजार से पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने के बाद कर्मचारियों ने पाइपलाइन की जांच के नाम पर तीन-चार स्थानों पर सड़क खोद दी, लेकिन मरम्मत कार्य पूरा किए बिना गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया। इससे आवागमन भी प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय निवासी गीता देवी ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, जबकि पिछले एक महीने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों को पड़ोसियों के घर जाकर पानी मांगना पड़ता है। उनका कहना है कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है और सीवर की समस्या का भी शीघ्र समाधान होना चाहिए।

123

एक अन्य स्थानीय नागरिक ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से कई घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इस संबंध में संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार "आज या कल पानी आ जाएगा" कहकर आश्वासन दिया गया। वहीं क्षेत्र में सीवर जाम होने से गलियों में गंदा पानी भर रहा है। लोगों का कहना है कि नए टेंडर की बात तो कही जा रही है, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दूषित पेयजल की आपूर्ति तत्काल बंद कर स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए, सीवर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा सड़क पर खोदे गए गड्ढों को शीघ्र भरकर आवागमन सुचारु बनाया जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से नियमित साफ-सफाई और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की भी मांग की।

Share this story