सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच के साथ योजनाओं का लाभ, नगर निगम के जोनवार शिविर का हुआ शुभारंभ
वाराणसी। नगर निगम ने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को लेकर जोनवार शिविर श्रृंखला शुरू की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर 25 सितंबर से 8 अक्टूबर तक नगर निगम के विभिन्न जोनों में आठ शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
अभियान के तहत सफाई मित्रों को नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण, श्रम कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्रता के अनुसार सफाई मित्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

नेत्र जांच की भी सुविधा
शिविरों में सफाई मित्रों के लिए नेत्र परीक्षण की विशेष व्यवस्था की गई है। आरके शंकरा नेत्र चिकित्सालय, वाराणसी और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट की ओर से चिकित्सकीय सेवाएं और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि सफाई मित्रों को उनके कार्यस्थल के आसपास ही स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिल सकें।
पहले दिन दो जोन में लगा शिविर
शिविर श्रृंखला के पहले दिन शुक्रवार को दशाश्वमेध जोन और वरुणापार जोन में शिविर लगाए गए। दोनों स्थानों पर सफाई मित्रों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। नगर निगम के अनुसार दोनों शिविरों में कुल 382 सफाई मित्रों की सहभागिता दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई मित्रों की अहम भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निर्धारित तिथियों पर पहुंचने की अपील
नगर निगम की ओर से सफाई मित्रों से अपील की गई है कि वे अपने संबंधित जोन में निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

