होली से पहले रोशन होगा काशी का कोना-कोना, दुरूस्त होगीं स्ट्रीट लाइटें, नालियों के ऊपर बने चबूतरे हटेंगे
वाराणसी। होली के मद्देनज़र शहर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। निर्णय लिया गया है कि त्योहार से पहले सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर दी जाएगी, ताकि प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही, गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट से निपटने के लिए शहर के कुओं की सफाई 31 मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 55 कुओं की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि 151 कुओं पर कार्य प्रगति पर है।
सोमवार को मैदागिन स्थित टाउनहॉल में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित साधारण अधिवेशन की बैठक शहर की जनसमस्याओं के समाधान और विकास के रोडमैप पर केंद्रित रही। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए होली के बाद शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई का महाअभियान शुरू किया जाए।

15 मार्च तक अवैध चबूतरों को हटाने का मौका
सदन में पार्षद अमर देव यादव ने नालियों के ऊपर बने अवैध चबूतरे और सीढ़ियों को 15 मार्च तक स्वेच्छा से हटाने का सुझाव दिया। तय हुआ कि निर्धारित तिथि के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। पार्षद प्रवीण राय ने पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़कों के निर्माण में ढके गए सीवर चैंबरों को ऊंचा करने की मांग उठाई, ताकि जलभराव और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
जलकर पर 100% सरचार्ज माफी का लाभ
नगर निगम अधिनियम की धारा 91(2) के तहत जलकर पर 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी के प्रस्ताव को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए 24 फरवरी से प्रत्येक वार्ड में घर-घर प्रचार का निर्णय लिया गया। उपसभापति नरसिंह दास और पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जनता को इस योजना की स्पष्ट जानकारी मिले। एकीकृत बिल से पहले के मामलों में वर्ष 2023-24 से ही बिल देय करने और पीली कार्ड के नाम पर अनावश्यक उत्पीड़न न करने की भी मांग की गई।

सीएसआर फंड से वाटर कूलर मरम्मत
गर्मी को देखते हुए पार्षद हनुमान प्रसाद ने सीएसआर फंड से लगाए गए वाटर कूलरों की 15 दिनों में मरम्मत कराने और नए स्थानों का चयन करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही पीडब्ल्यूडी और डूडा के कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए निगम की टीम गठित करने की मांग की गई।
निगम भूमि और संपत्तियों पर सख्ती
सारनाथ के पार्षद जितेन्द्र कुमार कुशवाहा ने रूपनपुर स्थित निगम की बंजर भूमि (आराजी संख्या 464) और एसबीआई बैंक के सामने की भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराने का मुद्दा उठाया। पार्षद इंद्रेश कुमार सिंह ने चौक क्षेत्र की घुघरानी गली स्थित ‘जनता कूप’ (भवन संख्या CK 40/44) से अवैध कब्जा हटाने की मांग की।
सार्वजनिक सुविधाओं की मांग
पार्षद सीमा वर्मा ने विरदोपुर गिरी नगर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण और सुदामापुर हनुमान मंदिर के पास ‘मिनी नलकूप’ लगाने का प्रस्ताव रखा। पार्षद राजकपूर चौधरी ने पंचकोशी परिक्रमा मार्ग स्थित सारंग तालाब के पौराणिक शिवालय और बजरंग व्यायामशाला की धर्मशाला के सुंदरीकरण की मांग की। पार्षद अशोक कुमार मौर्या ने मानसिक चिकित्सालय के पास स्थित विशाल तालाब की जांच कर उसे निगम के कब्जे में लेने और पार्वती नगर कॉलोनी में सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया।

टैक्स दायरे से बाहर 1081 फ्लैट
बहुमंजिला इमारतों के टैक्स असेसमेंट पर चर्चा में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि शहर में 323 बहुमंजिला इमारतों में कुल 13,997 फ्लैट हैं। इनमें से 12,916 आवंटित हैं, जबकि 1,081 फ्लैट अभी भी कर के दायरे से बाहर हैं। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अगले वित्तीय वर्ष से पहले इन सभी को टैक्स दायरे में लाया जाए, जिससे राजस्व में वृद्धि हो।
19,000 आवारा कुत्तों का बंध्याकरण
पशु चिकित्सा विभाग ने जानकारी दी कि अब तक 886 पालतू कुत्तों का पंजीकरण और 19,000 आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आवारा कुत्तों के बंध्याकरण के लिए मेदांता से एमओयू किया गया है और नए वित्तीय वर्ष से कार्य शुरू होगा।
पुराने अभिलेखों का डिजिटलीकरण
पार्षद श्याम आसरे मौर्य ने 55 वर्ष पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया पर प्रश्न उठाया। नगर आयुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 454 के तहत यह कार्य प्रक्रियाधीन है।
विकास परियोजनाओं की प्रस्तुति
बैठक से पूर्व नगर आयुक्त ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें नगर निगम सदन भवन, सीएम ग्रिड्स योजना के तहत सड़कों का निर्माण, शहीद उद्यान, म्युनिसिपल बॉन्ड परियोजनाओं के तहत डॉ. सम्पूर्णानंद स्टेडियम परिसर में पार्किंग, होटल व मार्केट कॉम्प्लेक्स, लहुराबीर-कबीरचौरा रोड और सिगरा में मार्केट कॉम्प्लेक्स, डोमरी में 300 बीघा में वन क्षेत्र तथा जलकल परिसर में पार्क जैसी योजनाएं शामिल हैं।
आरआरआर सेंटर का उद्घाटन
बैठक के बाद महापौर ने टाउनहॉल परिसर में आरआरआर सेंटर का उद्घाटन किया, जहां नागरिक पुराने कपड़े, जूते-चप्पल और किताबें जरूरतमंदों के लिए दान कर सकेंगे। बैठक का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्तों, विभागाध्यक्षों और निगम के अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में लिए गए निर्णयों को समयबद्ध ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि काशी को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

