अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छाए बरेका के लोकोमोटिव मॉडल, भारतीय रेल की तकनीकी ताकत का दिखा दम

WhatsApp Channel Join Now

‘विकास भी, विरासत भी’ थीम पर सजा भारतीय रेल का मंडप, यात्री और मालवाहक इंजनों के साथ निर्यात होने वाले लोकोमोटिव भी बने आकर्षण

नई दिल्ली। प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ-2026) में भारतीय रेल की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक और गौरवशाली विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिल रही है। 14 से 27 नवंबर तक आयोजित मेले में रेल मंत्रालय की ओर से ‘विकास भी, विरासत भी’ थीम पर सजाए गए भारतीय रेल मंडप में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लोकोमोटिव मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनके माध्यम से भारतीय रेल की तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को प्रदर्शित किया जा रहा है।

123

भारतीय रेल मंडप में बरेका की ओर से निर्मित WAP-7 यात्री वाहक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव और WAG-9 मालवाहक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही विदेशों को निर्यात किए जाने वाले लोकोमोटिव के मॉडल भी रखे गए हैं। ये मॉडल बरेका की आधुनिक विनिर्माण क्षमता, तकनीकी दक्षता और देश में रेल इंजन निर्माण के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को दर्शा रहे हैं। आगंतुक इन मॉडलों के माध्यम से भारतीय रेल की उत्पादन क्षमता और तकनीकी प्रगति को करीब से समझ रहे हैं।

123

भारतीय रेल मंडप में बरेका के मॉडलों के अलावा कई अन्य आकर्षण भी शामिल हैं। मंडप के बाहरी हिस्से में राजस्थान की स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। इसमें पारंपरिक वास्तुकला के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं का समन्वय दिखाया गया है।

123

इसके अलावा अंजी ब्रिज, मोकामा के नए दोहरी रेल लाइन पुल, बुलेट ट्रेन परियोजना, वंदे भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर के मॉडल भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इंटरैक्टिव स्क्रीन पर भारतीय रेलवे की ऐतिहासिक उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक और भविष्य की परियोजनाओं से जुड़े वीडियो दिखाए जा रहे हैं। बच्चों के लिए रोचक प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जा रही है, जिससे वे रेलवे की कार्यप्रणाली और नई तकनीकों के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।

इस अवसर पर बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने आगंतुकों को कारखाने की उत्पादन क्षमता, लोकोमोटिव निर्माण और निर्यात गतिविधियों की जानकारी दी। तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता आलोक कुमार सिंह, मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (विद्युत) एसके पांडेय तथा मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (फिटर) वीरेंद्र कुमार और अवधेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।

BK Pathak
BK Pathak

22028 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story