वाराणसी में एयर शो के दौरान 20-30 किमी दायरे में मांस-मछली की बिक्री और कटिंग पर रोक, बर्ड हिट रोकने के लिए विशेष अभियान

123
WhatsApp Channel Join Now

राज्य सरकार ने घोषित किया स्टेट इवेंट, तैयारियां तेज, किए जा रहे व्यापक इंतजाम 

20 से 26 अक्टूबर तक नगर निगम चलाएगा विशेष सफाई अभियान, गंगा के गहरे जल क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे

वाराणसी। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य ‘एरियल डिस्प्ले-2026’ को लेकर वाराणसी में तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सरकार ने इस आयोजन को ‘स्टेट इवेंट’ घोषित किया है। आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

लड़ाकू विमानों की सुरक्षित उड़ान और बर्ड हिट की आशंका को देखते हुए नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 अक्टूबर से कार्यक्रम की समाप्ति तक मांस-मछली की बिक्री और कटिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। नगर निगम की ओर से पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए 20 से 26 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

गहरे पानी वाले क्षेत्रों में होगी बैरिकेडिंग
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि एयर शो को सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंध किए जा रहे हैं। गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए नदी के गहरे जल क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां प्रभावी बैरिकेडिंग की जाएगी। साथ ही चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

घाटों से नदी की ओर जाने वाले संवेदनशील रास्तों पर अवरोधक लगाए जाएंगे, ताकि दर्शक और श्रद्धालु अनियंत्रित होकर गहरे पानी की ओर न जा सकें। नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट भी लगाए जाएंगे। इनकी नियमित सफाई की व्यवस्था नगर निगम सुनिश्चित करेगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि भारतीय वायु सेना का एरियल डिस्प्ले वाराणसी के लिए गौरवमयी और भव्य आयोजन है। इसे सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छता, गंगा में बैरिकेडिंग, बर्ड हिट रोकने के उपाय और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

Share this story