वाराणसी में नौका संचालन पर रोक से नाविकों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट, सीएम से लगाई गुहार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा में नाव और मोटरबोट संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर नाविक समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नाविकों का कहना है कि प्रतिबंध के कारण करीब 40 हजार नाविकों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। इस संबंध में नाविक समाज की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर नौका संचालन पर लगी रोक को हटाने की मांग की गई है।

नाविकों ने पत्र में कहा है कि वर्तमान में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब चार मीटर नीचे होने के बावजूद नाव और मोटरबोट के संचालन पर रोक लगाई गई है। इससे रोजाना नाव चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। नाविक समाज का कहना है कि काशी में नौका संचालन उनके लिए केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आजीविका का माध्यम भी है।

123

नाविकों ने कहा कि वे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को नौका विहार कराने के साथ ही घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था में भी सहयोग करते हैं। नाविक और गोताखोर कई बार गंगा में डूबने वाले लोगों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका दावा है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट सहित आवश्यक सावधानियों का पालन किया जाता है।

पत्र में नाविकों ने आपदा के समय अपनी भूमिका का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि जब गंगा का जलस्तर बढ़कर बस्तियों तक पहुंचता है, तब नाविक अपनी नौकाओं के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने में मदद करते हैं। ऐसे समय में नाविक समाज प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करता है।

नाविकों ने सवाल उठाया कि प्राकृतिक आपदा के दौरान अन्य परिवहन साधनों पर परिस्थितियों के अनुसार प्रतिबंध लगाए जाते हैं, लेकिन केवल नाव संचालन बंद होने से हजारों परिवारों की आय पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से जलस्तर और सुरक्षा मानकों का वैज्ञानिक आकलन कर सुरक्षित परिस्थितियों में नौका संचालन की अनुमति देने की मांग की है।

बैठक में दुर्गा मांझी, राजघाट; राम किशन मांझी, ऋतिक साहनी, देव आनंद मांझी, पतलू साहनी, पिंटू साहनी, पप्पू साहनी, देवेंद्र साहनी, विजय मांझी, सुनील साहनी, सौरभ साहनी, राहुल साहनी और दीपक साहनी सहित अन्य नाविक मौजूद रहे।

Share this story