अस्सी घाट के सामने गंगा में खराब हुआ बजड़ा, नमो घाट से रविदास घाट जा रहे थे सैलानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गंगा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पर्यटकों से भरा एक बजड़ा बीच धारा में तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। घटना अस्सी घाट स्थित सुबह-ए-बनारस मंच के सामने की बताई जा रही है, जहां नाव का इंजन अचानक फेल हो गया और वह गंगा के बीचोंबीच खड़ी हो गई।

नाव पर लगभग 20 से 30 पर्यटक सवार थे। सभी यात्री नमो घाट से रविदास घाट की ओर जा रहे थे। नाव पर योग दिवस के उपलक्ष्य में योग कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। यात्रा के दौरान इंजन में खराबी आने के बाद चालक दल ने नाव को चलाने का प्रयास किया, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोशिशों के बावजूद सफलता नहीं मिल सकी।

123

नाव के बीच गंगा में फंस जाने से यात्रियों में चिंता का माहौल बन गया। स्थिति गंभीर होने पर इसकी सूचना जल पुलिस और एनडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही दोनों एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

एनडीआरएफ और जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाव पर मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था की। वैकल्पिक नावों के माध्यम से यात्रियों को सकुशल गंगा के इस पार लाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित रहे।

घटना के बाद घाट क्षेत्र में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि प्रशासन और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण नाव बीच धारा में रुक गई थी, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। 

Share this story