651 कलशों के साथ काशी से निकली बैजनाथ कांवड़ यात्रा, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने किया शुभारंभ
वाराणसी। सावन माह के पावन अवसर पर धर्मनगरी काशी में रविवार को आस्था, भक्ति और सनातन परंपरा का भव्य स्वरूप देखने को मिला। मारवाड़ी युवा फाउंडेशन 'अरिदम परिवार' के तत्वावधान में आयोजित बैजनाथ कांवड़ यात्रा का शुभारंभ प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने गिरजाघर चौराहे पर विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रथम कांवड़ प्रदान करते हुए किया। इस दौरान 651 श्रद्धालु गंगाजल से भरे कलश लेकर बाबा बैजनाथ के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए।
डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि काशी अध्यात्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं की राजधानी है, जहां हर धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ कांवड़ यात्रा काशी की जीवंत धार्मिक परंपरा का प्रतीक है, जो समाज में आस्था, सेवा और समरसता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि 651 कांवड़ियों का एक साथ गंगाजल लेकर यात्रा करना सामाजिक एकजुटता और धार्मिक आस्था का प्रेरणादायक उदाहरण है।

आयुष मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनके अनुसार कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला जनआंदोलन भी है।
गेरुआ वस्त्र धारण किए कांवड़ियों का जत्था गिरजाघर चौराहे से लक्सा, कमच्छा और लहुराबीर होते हुए बैजनाथ स्थित बाबा बैजनाथ मंदिर पहुंचा। पूरे यात्रा मार्ग में 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने कांवड़ियों के लिए पेयजल, शरबत, फल और प्रसाद की व्यवस्था कर सेवा भावना का परिचय दिया।

इस अवसर पर कन्हैया लोहिया, उमेश जोगई, प्रमोद राय, गौरव राठी, अभिषेक डिडवानिया, राघवेन्द्र शाश्वत, मनोज जालान, संजय मिश्रा, सौरभ राय, हरि अग्रवाल, अरुण पाण्डेय, सौरभ पाठक, जितेंद्र राय, राजीव अग्रवाल, मोहित बाजोरिया, विकास अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद राय और लोकेश अग्रवाल ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत गौरव राठी ने किया।

