बाबतपुर एयरपोर्ट बनेगा देश का पहला 7-स्टार ग्रीन एयरपोर्ट, काशी की संस्कृति की दिखेगी झलक
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर अब आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरणीय दृष्टि से नई पहचान हासिल करने जा रहा है। लगभग 2,869.65 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नए टर्मिनल भवन को देश का पहला 7-स्टार ग्रीन एयरपोर्ट बनाने की तैयारी की जा रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की देखरेख में चल रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का भी अनुभव कराना है।
नया टर्मिनल भवन केवल एक आधुनिक हवाई अड्डा नहीं होगा, बल्कि इसकी पूरी डिजाइन वाराणसी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को समर्पित होगी। टर्मिनल में प्रवेश करते ही यात्रियों को काशी के घाटों, गंगा की लहरों और प्राचीन मंदिरों की वास्तुकला की झलक देखने को मिलेगी। भवन के अंदर और बाहर की साज-सज्जा में स्थानीय कला और संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाएगा।
एयरपोर्ट परिसर में वाराणसी की प्रसिद्ध बनारसी साड़ी, गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी और धातु की पारंपरिक हस्तकलाओं के साथ अन्य स्थानीय कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। टर्मिनल के आंतरिक डिजाइन में ऐसे तत्व शामिल किए जा रहे हैं, जिससे विमान से उतरते ही यात्रियों को काशी की सांस्कृतिक गरिमा और आध्यात्मिक वातावरण का एहसास हो।
ग्रीन एयरपोर्ट की अवधारणा के तहत भवन में ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण अनुकूल निर्माण तकनीक, जल संरक्षण और आधुनिक संसाधन प्रबंधन जैसी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट न केवल पूर्वांचल की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा, बल्कि आधुनिकता, पर्यावरण संरक्षण और काशी की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम भी प्रस्तुत करेगा।

