दिसंबर तक पूरा होगा बाबतपुर एयरपोर्ट विस्तार, टर्मिनल भवनों के बीच बनेगा ग्रीन जोन, नागरिक उड्डयन मंत्री ने दिए निर्देश
वाराणसी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिसंबर तक सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे केंद्रीय मंत्री मंगलवार शाम बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने विस्तार परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
एयरपोर्ट पर समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने नए निर्माणाधीन टर्मिनल भवनों का निरीक्षण किया और परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि एयरपोर्ट के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में केंद्रीय मंत्री को एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से नए टर्मिनल, रनवे से जुड़ी सुविधाओं, यात्री आवागमन व्यवस्था और अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी किया।
केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से एयरपोर्ट परिसर में सौंदर्यीकरण और हरित विकास पर जोर देते हुए नए टर्मिनल भवनों के बीच की सड़क के आसपास ग्रीन जोन विकसित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे एयरपोर्ट का वातावरण अधिक आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल बनेगा।
दौरे के दौरान मंत्री ने एयर इंडिया द्वारा शुरू की जा रही नई हब एंड स्पोक सुविधा की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी में और सुधार होगा तथा यात्रियों को विभिन्न शहरों के लिए बेहतर उड़ान विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में से एक है। ऐसे में यहां आने वाले यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अपने दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने की भी संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह प्रातः आयोजित हब एंड स्पोक सुविधा के शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे तथा इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन और मंगला आरती में भी शामिल होंगे। एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर उनके निर्देशों के बाद निर्माण कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

