काशी विद्यापीठ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरुकता रैली, महिलाओं के अधिकारों पर दिया जोर
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और जागरुकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों द्वारा महिलाओं के अधिकारों और कर्तव्यों को लेकर भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी के निर्देशन में किया गया। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। रैली का संचालन एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. हंसराज, धनंजय कुमार शर्मा, डॉ. शशांक चंदेल और डॉ. दिनेश कुमार की देखरेख में किया गया।
रैली में शामिल स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर में घूमकर महिलाओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक और संवैधानिक दोनों ही दृष्टि से महिलाओं को समान अधिकार प्राप्त हैं, जिनका सम्मान और पालन करना समाज के हर वर्ग का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि यदि एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार और समाज शिक्षित होता है। इसलिए महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त पर्दा प्रथा जैसी कुरीतियों का विरोध करते हुए महिलाओं को समान अवसर देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनएसएस के स्वयंसेवक, विश्वविद्यालय के छात्र प्रतिनिधि, कर्मचारीगण और अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और समानता का संदेश दिया गया।

