आंवले की छांव में गूंजे मंगलगीत, महिलाओं ने चूल्हा जलाकर बनाया प्रसाद, परिवार की खुशहाली के लिए की पूजा

WhatsApp Channel Join Now

अक्षय नवमी पर अस्सी से डाफी तक दिखी आस्था और परंपरा की झलक, आंवले के वृक्ष की परिक्रमा कर महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना

माता लक्ष्मी से जुड़ी है वृक्ष के नीचे भोजन बनाने की मान्यता, भगवान विष्णु और महादेव को भोग लगाने के बाद परिवार के साथ ग्रहण किया प्रसाद

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को अक्षय नवमी यानी आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर शहर के अस्सी क्षेत्र से लेकर डाफी बाईपास और आसपास के इलाकों में आस्था की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। सुबह से ही महिलाएं पूजन सामग्री और भोजन बनाने की तैयारी के साथ आंवले के वृक्षों के नीचे पहुंचने लगीं। किसी ने वृक्ष की जड़ में जल अर्पित किया तो किसी ने रोली, अक्षत और पुष्प चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। महिलाओं ने वृक्ष के तने पर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की और दीप जलाकर आरती उतारी।

123

पूजन के बाद आंवले के वृक्ष की छांव में चूल्हा जलाकर भोजन तैयार किया गया। भगवान विष्णु और महादेव को भोग अर्पित करने के बाद महिलाओं ने परिवार के सदस्यों और आसपास मौजूद लोगों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कई स्थानों पर सुबह से ही भोजन बनाने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। घरों से खाद्य सामग्री और चूल्हे की व्यवस्था करके पहुंचीं महिलाओं ने सामूहिक रूप से भोजन बनाया और एक-दूसरे को प्रसाद खिलाया।

माता लक्ष्मी से जुड़ी है आंवले के वृक्ष की पूजा की कथा
अस्सी घाट के तीर्थ पुरोहित राहुल के अनुसार, धार्मिक मान्यताओं में आंवले के वृक्ष को अत्यंत पवित्र माना गया है। इसमें भगवान विष्णु, भगवान शिव और माता लक्ष्मी का निवास माना जाता है। आंवला नवमी पर वृक्ष की पूजा और उसकी छांव में भोजन करने की परंपरा माता लक्ष्मी से जुड़ी एक प्रचलित कथा से संबंधित है।

123

कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करने आईं। उनके मन में भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ पूजा करने की इच्छा हुई। भगवान विष्णु को तुलसी और भगवान शिव को बेलपत्र प्रिय है। ऐसे में माता लक्ष्मी ने आंवले के वृक्ष में तुलसी और बेल दोनों के गुणों का प्रतीक देखा और उसे दोनों देवताओं का स्वरूप मानकर पूजा की। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और भगवान शिव प्रकट हुए। इसके बाद माता लक्ष्मी ने आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन तैयार कर दोनों देवताओं को भोग लगाया और स्वयं भी प्रसाद ग्रहण किया। लोकमान्यता है कि यह घटना कार्तिक शुक्ल नवमी को हुई थी। तभी से इस दिन वृक्ष की पूजा और उसकी छांव में भोजन करने की परंपरा चली आ रही है।

1323

इसलिए कहते हैं अक्षय नवमी
कार्तिक शुक्ल नवमी को अक्षय नवमी कहा जाता है। अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय यानी नाश न हो। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किए गए पूजा-पाठ, जप, तप, दान और सेवा का पुण्य अक्षय होता है। इसे सतयुगादि नवमी के नाम से भी जाना जाता है। आंवले को भगवान विष्णु का प्रिय वृक्ष और धात्री के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन इसकी पूजा करने से घर में सुख-शांति, धन-धान्य और समृद्धि बनी रहती है। महिलाएं परिवार के सदस्यों की दीर्घायु, संतान की उन्नति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना से विशेष पूजन करती हैं।

परिवार की एकजुटता और प्रकृति संरक्षण का संदेश
आंवला नवमी की खास परंपरा वृक्ष के नीचे भोजन बनाना और सामूहिक रूप से ग्रहण करना है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों को एक साथ बैठने और आपसी प्रेम-सौहार्द बढ़ाने का अवसर भी देता है। पूजा के बाद भगवान को भोग लगाने और जरूरतमंदों को भोजन कराने की परंपरा भी निभाई जाती है। आंवले का महत्व धार्मिक मान्यताओं के साथ आयुर्वेद में भी है। इसके फल में विटामिन सी और एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं। पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में इसे रसायन गुणों वाला फल माना गया है। इसका उपयोग कई औषधीय तैयारियों में किया जाता है।

123

अक्षय नवमी पर काशी के विभिन्न इलाकों में महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की पूजा कर सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत किया। वृक्ष की छांव में जलता चूल्हा, पूजा की थाली और परिवार के साथ बैठकर भोजन करती महिलाओं की तस्वीर ने पर्व की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। यह पर्व आस्था के साथ परिवार, स्वास्थ्य, दान-पुण्य और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देता है।

BK Pathak
BK Pathak

21840 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story