अगस्त के प्रदर्शन में 30.65 प्रतिशत का सुधार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीकाकरण समेत कई संकेतकों में बेहतर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों में बेहतर प्रदर्शन के दम पर वाराणसी ने प्रदेश स्तरीय हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में अगस्त 2026 में पहला स्थान हासिल किया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले का संयुक्त स्कोर 0.81 रहा। जुलाई की तुलना में वाराणसी के स्कोर में 30.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। रैंकिंग में वाराणसी के बाद मुजफ्फरनगर और लखनऊ का संयुक्त स्कोर 0.73 रहा।

उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक माह हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड जारी किया जाता है। इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी नोटिफिकेशन, एचआईवी स्क्रीनिंग समेत कई स्वास्थ्य संकेतकों के आधार पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। अगस्त के आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी में चार या उससे अधिक एएनसी और हीमोग्लोबिन जांच कराने वाली गर्भवती महिलाओं का अनुपात 100 प्रतिशत रहा। संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 95.95 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं 70 प्रतिशत सी-सेक्शन वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का संकेतक 31.01 प्रतिशत और 30 प्रतिशत सी-सेक्शन वाले जिला अस्पतालों का संकेतक 65.19 प्रतिशत रहा।

टीकाकरण और टीबी नोटिफिकेशन में भी बेहतर प्रदर्शन
नवजात शिशुओं को एचबीएनसी विजिट की उपलब्धि 100 प्रतिशत रही। पूर्ण टीकाकरण का आंकड़ा 97.98 प्रतिशत दर्ज किया गया। पेंटावैलेंट-3 एवं बीसीजी का अनुपात 1.53 रहा। स्थायी परिवार नियोजन विधि की स्वीकृति 1.21 प्रति 1000 पात्र दंपती दर्ज की गई। जिले में टीबी नोटिफिकेशन दर भी 100 प्रतिशत रही। गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग का लक्ष्य भी शत-प्रतिशत हासिल किया गया।

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयासों से जिले के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। अधिकारियों के अनुसार विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को और बेहतर बनाया जा सके।

Share this story