दालमंडी में अतिक्रमण हटाने गई VDA टीम पर हमला, छह नामजद समेत 21 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची विकास प्राधिकरण (वीडीए) की टीम पर शुक्रवार दोपहर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद चौक थाने में वीडीए के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तहरीर पर छह नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत वीडीए की टीम दोपहर करीब 12:50 बजे काजीपुरा कला स्थित मकान संख्या डी-50/221 के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। तभी राशिद अहमद, शाहिद अहमद, शीफा, सम्मा, अहमद, रूही, अंजुम समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज तथा मारपीट की। इस दौरान कुछ सरकारी कर्मचारियों को चोटें भी आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू कराई गई। हालांकि घटना के कारण क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडीए के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ज्ञानदास की तहरीर पर चौक थाने में 6 नामजद करते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Share this story