दशाश्वमेध घाट पर व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, 36 घंटे के निर्जला व्रत का किया पारण, छठी मैया से मांगी परिवार की खुशहाली
वाराणसी। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक संपन्न हो गया। काशी के गंगा घाटों पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ जुटी रही। दशाश्वमेध घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। सूर्यदेव के उदित होते ही घाटों पर छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

सप्तमी की सुबह व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ दउरा और सूप में पूजन सामग्री, फल तथा पारंपरिक प्रसाद सजाकर निर्धारित घाटों पर पहुंचीं। गंगा तट पर पहले से ही पूजा के लिए वेदियां सजाई गई थीं। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा की। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने दूध, गंगाजल और जल से अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया।

अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य की होती है उपासना
छठ महापर्व की विशेषता यह है कि इसमें प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की उपासना की जाती है। इस पर्व में अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य दिया जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन और पूरी श्रद्धा से छठी मैया की आराधना करने पर परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और संतान की रक्षा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। महिलाएं विशेष रूप से संतान के स्वस्थ और दीर्घायु रहने तथा पति की लंबी आयु की कामना से यह कठिन व्रत रखती हैं। हालांकि पुरुष भी पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ पर्व में भागीदारी करते हैं।

रामायण और महाभारत काल से जुड़ी हैं मान्यताएं
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम और माता सीता ने भी सूर्य उपासना की थी। वहीं महाभारत काल में कुंती और द्रौपदी द्वारा सूर्यदेव की आराधना किए जाने का उल्लेख मिलता है। बिहार से विशेष रूप से जुड़ी छठ पर्व की परंपरा अब देश के विभिन्न हिस्सों में व्यापक रूप से मनाई जाती है। काशी में भी इस महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत के समापन पर घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम नजर आया। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने छठी मैया से परिवार के सभी सदस्यों के स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहने की प्रार्थना की।

